- जिले में 25 मई को होगा मतदान, 11 जोन व 105 सेक्टर में बांटा गया जिला
- जवानों के ठहरने के लिए 40 जगह चिह्नित
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले में 25 मई को होने वाले मतदान के लिए कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। मतदान निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो, कहीं शांति व सुरक्षा न बिगड़े इसके लिए निर्वाचन आयोग ने जरूरी कदम उठाए हैं। अर्द्धसैनिक बलों की निगरानी में शांतिपूर्ण मतदान कराने का खाका तैयार किया गया है। हर मतदान केंद्र पर 10 से 15 अर्द्धसैनिक बल के जवान मौजूद रहेंगे। वहीं किसी भी जगह पर मतदान में गड़बड़ी करने का प्रयास करने वाले पर पुलिस केस दर्ज करने के साथ ही रासुका की कार्रवाई करेगी। फोर्स के ठहरने के लिए 40 जगह भी चिह्नित की गई है।
जिले में लोकसभा चुनाव के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था का प्रबंध किया गया है। तीनों विधानसभा को सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से 11 जोन व 105 सेक्टर बांटकर शांतिपूर्ण मतदान कराया जाएगा। इसके लिए दो प्लाटून व 12 कंपनी अर्द्धसैनिक बल, एक कंपनी व एक प्लाटून पीएसी, मथुरा व गोरखपुर से 276 एसएसएफ, मेरठ से 1271 पुलिसकर्मी, बाराबंकी से 947 पुलिसकर्मी, रायबरेली 607, महराजगंज से 465 होमगार्ड, अलीगढ़ से 935, हाथरस से 300, फिरोजाबाद से 100, रामपुर से 502 पुलिसकर्मी जनपद में सुरक्षा की कमान संभालेंगे।
इसके अलावा 125 क्रिटिकल बूथों पर स्थानीय पुलिस फोर्स के साथ अर्द्धसैनिक बल तैनात किया जा रहा है। वहीं जहां तीन से ज्यादा मतदान केंद्र होंगे, वहांं पर भी अर्द्धसैनिक बल के निगरानी में मतदान होगा। क्षेत्र में सेक्टर मजिट्रेट के साथ ही पुलिस मोबाइल सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर तैनात रहेंगे। जोन स्तर पर जोनल पुलिस की तैनाती की गई है। मतदान के दौरान किसी भी तरह का व्यवधान पैदा करनेवालों के खिलाफ पुलिस टीम कठोर कार्रवाई करेगी।
लोकसभा चुनाव के लिए पर्याप्त फोर्स की व्यवस्था की गई है। सभी संवेदनशील केंद्रों पर अर्द्धसैनिक बल के जवान मतदान कराएंगे। किसी भी तरह की गड़बड़ी करनेवालों के खिलाफ रासुका की कार्रवाई की जाएगी।
- शशि शेखर सिंह, एएसपी