संतकबीरनगर। जनपद में होने वाले सामान्य नगरीय निकाय चुनाव को सकुशल संपंन कराने के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में दो पालियों में पीठासीन अधिकारियों और मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। एडीएम सत्येंद्र नाथ शुल्क ने सवाल पूछा तो कार्मिक सही जवाब नहीं दे पाएं।
सीडीओ ने भी अलग-अलग 35 सवाल पूछे तो कुछ के तो सही उत्तर दिए, लेकिन कुछ उत्तर नहीं दे पाए। प्रथम पाली में एक से 25 तथा द्वितीय पाली में 26 से 50 पोलिंग पार्टियों का प्रशिक्षण हुआ। डीएम मार्कंडेय शाही ने कहा कि निष्पक्षता ही चुनाव में सफलता का कारक होगा। भेदभाव की स्थिति में परेशानी में पड़ सकते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे पारदर्शी तरीके से चुनाव कराना आप सभी की जिम्मेदारी है। चुनाव के दौरान किसी का आतिथ्य स्वीकार न करें। बूथों पर पहुंचते ही वहां पर मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण कर लें। जहां तक नगरीय निकाय चुनाव के दिन क्षेत्रों के दौरा मैने स्वयं करके देख लिया है वहां पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई है।
तदेय स्थल पर चुनाव की गोपनीयता को बरकरार रखते हुए मतदेय स्थल ऐसे जगह बनाया जाए जहां से कोई भी मतदाता के वोट देते न देख सके। सभी पार्टियों के लोग पार्टी रवाना होने से पहले अपने स्टेशनरी की जांच कर लें, जिसमें मुख्य रूप से वोटर लिस्ट, बैलेट पेपर, ग्रीन पेपर, सुभिन्न चिह्न सहित मिलने वाली अन्य स्टेशनरी आदि को देख लें।
200 मीटर की परिधि में सिर्फ मतदाता, प्रत्याशी या उसके एजेंट दोनों में से एक, सरकारी सेवक, मतदाता को गोद में लिए बच्चा, आयोग द्वारा प्राधिकृत व्यक्ति, ड्यूटी पर तैनात लोकसेवक और अशक्त मतदाता का सहायक के अतिरिक्त कोई नहीं रहने पाएगा। डीएम ने बताया कि मतदान 26 नवंबर को प्रात: साढ़े सात बजे से शुरू होकर शाम पांच बजे तक चलेगा।
डीएम ने कहा कि पुलिस बल की पर्याप्त व्यवस्था है। बाहर से भी फोर्स बुलाई गई है। पीठासीन अधिकारी मतदान शुरू होने से पहले वहां प्रत्याशियों के एजेंटों के नाम, मोबाइल नंबर नोट कर लें। जिससे माहौल खराब होने की स्थिति में सबसे पहले उन्हीं के ऊपर एफआईआर दर्ज कराई जाए।
एडीएम सत्येंद्र नाथ शुक्ल ने सवाल किया कि यदि किसी का मतदाता सूची में नाम हो और वह पहचान पत्र के रुप में दिल्ली का बना आधार कार्ड दिखाए तो उसे मतदान करने देंगे अथवा नहीं तो कार्मिक सहीं उत्तर नहीं दे पाए। एडीएम ने बताया कि फोटो की पहचान करेंगे और फिर उन्हें मतदान करने देंगे। प्रशिक्षण के दौरान आठ कार्मिक अनुपस्थित रहे।