संतकबीरनगर जिले में महुली क्षेत्र के काली जगदीशपुर में मंगलवार को विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस पर हमला हो गया। हमले में काली जगदीशपुर में तैनात दो पुलिस कर्मी घायल हो गए। इस दौरान उपद्रवियों ने जमकर ईंट पत्थर चलाया। सूचना पर काफी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंच गई। घायल जवानों से घटना क्रम की जानकारी लिया। पुलिस हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी में जुट गई। गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, करीब बीस दिन पूर्व रेवटा गांव स्थित कुआनो नदी में स्नान के दौरान किसी बात को लेकर रेवटा निवासी चंद्रशेखर आदि और मोहरैया के रहने वाले कुछ युवकों के बीच मारपीट हो गई थी। इसके बाद दो गांवों के युवकों के बीच तनातनी चल रही थी।
मंगलवार को रेवटा गांव निवासी चंद्रशेखर पुत्र उदय क्षेत्र के काली जगदीशपुर में स्थित टेंट हाउस पर गद्दा बिस्तर पहुंचाने पहुंचा। इसी दौरान मोहैरया मोहल्ला के युवकों ने देखा। परिजनों को बुला लिया। आधा दर्जन से अधिक महिला पुरुष और युवकों ने चंद्रशेखर को पकड़ लिया। लाठी, डंडा, पाइप से पिटाई करने लगे।
चंद्रशेखर किसी तरह खुद को बचाते हुए टेंट हाउस के अंदर चला गया। टेंट संचालक ने शटर डाउन करके चंद्रशेखर को सुरक्षित कर लिया। घायल चंद्रशेखर ने इसकी सूचना पुलिस को दे दिया। पुलिस चौकी काली जगदीशपुर में तैनात सिपाही प्रशांत त्रिपाठी, अरुण कुमार गौड़ मौके पर पहुंच गए। शांत कराने का प्रयास कर ही रहे थे।
इसी दौरान हमलावर भड़क गए। पुलिस कर्मियों के ऊपर हमला कर दिया। उपद्रवियों के हमले से पुलिस कर्मी प्रशांत त्रिपाठी का सिर फट गया। जबकि दूसरे सिपाही अरुण कुमार गौड़ के शरीर मे कई जगह चोट लग गई। इस दौरान हमलावरों ने जमकर ईंट पत्थर भी चलाया।