बच्चे को ट्रैफिक पुलिस ने परिजनों को सौंपा।
- फोटो : KHALILABAD
पुलिसकर्मियों ने बिछड़े बालक को परिजनों से मिलाया
बालक को पाकर परिजन हुए खुश
संतकबीरनगर। परिजनों से बिछड़ा सात वर्षीय बालक बृहस्पतिवार को यातायात पुलिस को मेंहदावल बाईपास पर मिला। रोते-बिलखते बालक को पुलिस कर्मियों ने समझाया और नाश्ता कराया। बाद में परिजनों को बुलाकर सौंप दिया। परिजनों ने पुलिस कर्मियों की सराहना की।
सीओ यातायात राजीव कुमार यादव ने बताया कि हेड कांस्टेबल सुरेंद्र प्रसाद मेंहदावल बाईपास पर ड्यूटी पर थे। उन्हें एक बालक मिला। हेड कांस्टेबल ने बालक से पूछताछ की। फिर नाश्ता कराया। बालक ने अपना नाम शिवा पुत्र झब्बर निवासी गोपालपुर थाना बेलहरकला बताया।
बालक ने बताया कि वह पिता के साथ लखनऊ से आ रहा था। खलीलाबाद में पिता सामान लेने दुकान पर चले गए। वह पिता से अलग हो गया। पुलिस कर्मी ने बालक को यातायात कार्यालय पर बैठाया। इसकी सूचना थाना बेलहर कला को दी।
थाना बेलहरकला से परिजनों को सूचना दी गई। बालक के भाई यातायात कार्यालय पहुंचे। प्रभारी यातायात बृजेश यादव, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र प्रसाद, कांस्टेबल संदीप सिंह की उपस्थित में बालक को उसके भाई को सौंप दिया गया।