संतकबीरनगर। धनघटा थाना क्षेत्र के पौली कस्बा स्थित ज्वैलरी के दुकान से तीन लाख का सोना लेकर भागने वाले की पहचान अब सोशल मीडिया के सहारे कराने का प्रयास पुलिस ने शुरू किया है। एक आरोपी का चेहरा साफ है जबकि दूसरा पहचान में नहीं है। पुलिस की तीन टीमें इस पर कार्य कर रही है।
पौली में स्वर्ण कारोबारी गंगेश के दुकान से सोने का जेवरात लेकर भागने के मामले में सर्विलांस, एसओजी और धनघटा पुलिस एक आरोपित का फोटो पाने के बाद उसके शिनाख्त में जुट गई है। सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान दूसरे आरोपित का चेहरा साफ नही दिखाई दे रहा है। पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी का भी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस टीम ने स्थानीय सोशल मीडिया ग्रुप में फोटो डालकर उसके पहचान की अपील किया है। इसके साथ ही अन्य जनपदाें के भी सोशल मीडिया ग्रुप का सहारा लिया जा रहा है। जिससे आरोपित की जल्द से जल्द पहचान सुनिश्चित हो सके। वही पुलिस अन्य लोगों से संपर्क कर आरोपित का पहचान कराने में जुटी है। एसओ धनघटा जय प्रकाश दूबे ने बताया कि पुलिस की कई टीम घटना के अनावरण के लिए काम कर रही है। स्थानीय सोशल मीडिया ग्रुप एवं अन्य जनपदों में भी फोटो को भेजकर पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद मामले से पर्दा उठ जाएगा।