इमलीडीहा गांव में हुए दोहरे हत्या कांड के आरोपी को पुलिस ने पकड़ कर जेल भेजा।
- फोटो : KHALILABAD
संतकबीरनगर कोतवाली क्षेत्र के इमिलडीहा में पिता-पुत्र की हत्या के मुख्य आरोपी को बुधवार को पुलिस ने गोरयाभार के पास से गिरफ्तार कर लिया। निशानदेही पर परसपुर गांव के पास गन्ने के खेत से घटना में प्रयुक्त फरसा और चाकू बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक मां की अपमान से आहत यूट्यूबर ने पिता और दोस्तों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था।
एसपी सोनम कुमार ने बताया कि इमिलडीहा गांव निवासी गणेश प्रसाद और उसके 17 वर्षीय बेटे धर्मवीर की 17 अगस्त की रात सोने के दौरान हत्या कर दी गई थी। पीड़ित गौशती देवी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया था। साक्ष्यों के आधार पर पड़ोसी अनुज पुत्र नंदलाल को पुलिस ने बुधवार को गोरयाभार के पास से गिरफ्तार किया। उसकी काले रंग की पल्सर और मोबाइल फोन को कब्जे में लिया।
पूछताछ में अनुज ने बताया कि पिता नंदलाल से पड़ोसी गणेश से मनमुटाव रहता था। गणेश अक्सर मां को अपशब्द कहता रहता था। बार-बार मां की बेइज्जती उसे नागवार गुजरा। पिता के साथ मिलकर गणेश की हत्या की साजिश रची। दोस्त राजा बेलदार निवासी बरईपार कोतवाली, निरंजन चौहान निवासी उमरीकला कोतवाली और अभय यादव निवासी अशरफपुर थाना दुधारा को शामिल किया।
17 अगस्त की रात गणेश अपने बेटे धर्मवीर के साथ खेत की सिंचाई करने गया था। उसी रात दोस्त राजा और निरंजन को बाइक पर बैठा कर ले आया था। अभय यादव घटना के दिन नहीं आया। अनुज ने बताया कि दोस्त राजा और निरंजन के साथ गणेश के खेत में गया। बाप-बेटे एक ही चारपाई पर सोए थे। फरसा और चाकू से प्रहार कर दोनों की हत्या कर दी।
एसपी ने बताया कि आरोपी के पिता नंदलाल और उसके तीनों दोस्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जल्द ही फरार चारों आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।