संतकबीरनगर। कोतवाली व एसओजी टीम ने दो दिन पूर्व अवैध असलहों के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनसे पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस अब असलहा सप्लाई करने वाले दो अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस टीम उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही नेटवर्क से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
बता दें कि 12 जून की रात कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के बघौली चौकी पुलिस ने पांच युवकों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से एक पिस्टल, चार तमंचे तथा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अवैध असलहे मेंहदावल क्षेत्र के एक व्यक्ति तथा कोतवाली क्षेत्र के एक अन्य व्यक्ति से खरीदे थे।
इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मामले में नामजद कर उनकी तलाश शुरू कर दी। सूत्रों के अनुसार पुलिस को आरोपियों के संभावित ठिकानों के संबंध में कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। इसके आधार पर दबिश दी जा रही है। पुलिस संबंधित व्यक्तियों के आपराधिक इतिहास और उनके संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है। साथ ही यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि असलहे स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराए गए थे या किसी अन्य जिले से मंगाकर सप्लाई किए गए थे।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि गिरफ्तार किए गए युवकों से मिली जानकारी के आधार पर असलहा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भी खुलासा हो सकता है। इसी कारण मामले की जांच को गंभीरता से आगे बढ़ाया जा रहा है। एसओजी टीम तकनीकी साक्ष्यों के जरिये भी आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
-
इन आरोपियों को भेजा गया है जेल
नितेश चौरसिया व सत्यम चौरसिया निवासी मुस्तफाबाद उर्फ मलउर थाना सहजनवां जनपद गोरखपुर, कृष्णा यादव निवासी ऊनखास ओनिया थाना कोतवाली खलीलाबाद, रुद्र प्रताप यादव निवासी निवासी रानूखुर्द थाना सहजनवां, गोरखपुर और रोहित कुमार गोंड निवासी गौरा रोहारी थाना कलवारी जनपद बस्ती हाल मुकाम पटखौली थाना कोतवाली खलीलाबाद।
-
अवैध असलहों के साथ गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में मिले तथ्यों के आधार पर नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है। विभिन्न टीमों को लगाया गया है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
-प्रियम राजशेखर पांडेय, सीओ खलीलाबाद