बखिरा थाना क्षेत्र के एक गांव में छेड़खानी के आरोपी के साथ समझौता कराए जाने से आहत 26 वर्षीय युवती ने बुधवार रात घर में फंदा लगा कर जान दे दी। युवती की मां की तहरीर पर पुलिस आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बखिरा क्षेत्र के एक गांव की 26 वर्षीय युवती कस्बे में ही एक कपड़े की दुकान पर साल भर से काम कर रही थी। दुकान पर ही काम करने वाले महेश निवासी कदमा से उसकी पहचान हुई और दोनों में बातचीत होने लगी। इसका पता चलने पर युवती के घरवालों ने उससे बात करने से मना कर दिया। तबसे युुवती ने महेश से बातचीत बंद दी, लेकिन वह जबरन बात करने की कोशिश करने लगा। परेशान भी करता।
तंग आकर युवती की मां ने बुधवार को थाने में महेश की शिकायत कर दी। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाया और देर शाम को जबरन समझौता करा कर भेज दिया। युवती की मां का कहना है कि तभी से बेटी दहशत में और काफी परेशान थी। उन्होंने उसे समझाया भी, लेकिन उसके मन में क्या चल रहा है यह अंदाज नहीं लगा पाए। मां का आरोप है कि पुलिस ने समझौते की बजाय कार्रवाई की होती तो बेटी जिंदा होती।
__________________
आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उसको हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
-सुशील कुमार सिंह, एएसपी