संतकबीरनगर। निकाय चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। चुनाव में खलल डालने की आशंका वाले लोगों को चिह्नित कर शांति भंग की आशंका में पाबंद करने की कार्रवाई तेज कर दी गई है। अब तक ऐसे 8,533 लोगों पर शांतिभंग की कार्रवाई हो चुकी है।
पुलिस चुनाव कार्यालय के आंकड़े के मुताबिक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस ने दो से 25 अप्रैल के बीच में 1640 लीटर कच्ची शराब बरामद कर चुकी है। 59 लोगों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम में कार्रवाई की है। 19 के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत कार्रवाई कर चुकी है। अब तक 174 लोगों को शांति भंग में गिरफ्तार कर कार्रवाई की है। इसके अलावा 8,533 लोगों को चिह्नित कर शांति भंग की आशंका में चालान किया है। एएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि चुनाव के दौरान अमन में खलल डालने वालों पर सख्ती होगी। कोई चाहे किसी भी राजनैतिक दल से क्यों न जुड़ा हो, यदि उससे चुनाव में शांति भंग का खतरा है तो पुलिस उसे चिह्नित कर निरोधात्मक कार्रवाई कर रही है।
चुनाव के लिए मुख्यालय से मिलेंगे 300 दरोगा
पुलिस मुख्यालय लखनऊ से निकाय चुनाव के लिए 300 दरोगा मिलेंगे। इसके अलावा एक कंपनी और दो प्लाटून पीएसी और एक कंपनी एसएसबी मिली है। इसके अलावा 250 होमगार्ड मिल रहे हैं। एएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि एसएसबी, पीएसी और दरोगाओं की ड्यूटी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर लगाई जाएगी। जोनल और सेक्टर पुलिस अधिकारी भ्रमणशील रहेंगे। हर मतदान केंद्रों पर पुलिस की सतत निगरानी रहेगी। किसी तरह की गड़बड़ी करने की कोशिश करने वालों पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेंगी।