धर्मसिंहवा7 थाना क्षेत्र के मुसहरा गांव में शांति व्यवस्था को बनाये रखने को लेकर गांव में कैंप कर
- फोटो : KHALILABAD
शांति व्यवस्था के लिए मुसहरा में भारी पुलिस बल तैनात
- परंपरा न होने के बावजूद एक संप्रदाय द्वारा कुर्बानी करने पर 2007 में उपजा था विवाद
- रविवार की शाम में पुलिस ने घरों से बकरे निकलवाकर मदरसे में सुरक्षित बंधवाया
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मसिंहवा। क्षेत्र के मुसहरा गांव में शांति व्यवस्था बनी रहे इसको लेकर रविवार को यहां पर भारी फोर्स तैनात कर दी गई। अकीदतमंद सुरक्षा के बीच कुर्बानी की नमाज अदा करेंगे। रविवार की शाम में घरों से लगभग 18 बकरे निकलवाकर गांव में ही स्थित एक मदरसे में बंधवा दिए गए। एसडीएम, सीओ, तहसीलदार सहित तमाम राजस्व कर्मी गांव में कैंप कर रहे हैं।
धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र का मुसहरा गांव में कुर्बानी के त्यौहार को लेकर अति संवेदनशील माना जाता है। यहां पर 2007 में परंपरा ना होने के बावजूद बकरे की कुर्बानी कर देने पर जमकर विवाद हुआ था। इस दौरान आगजनी और लूटपाट की भी घटनाएं हुई थी। घटना हो जाने के कारण कई पुलिस अधिकारी कार्रवाई की जद में आए थे। तब से पुलिस प्रशासन बकरीद को लेकर सतर्क रहती है। एसओ धर्मसिंहवा अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि शांति व्यवस्था बनी रहे और बकरीद सकुशल संपन्न हो। इसको लेकर गांव में डेढ़ सेक्शन पीएसी, चार महिला आरक्षी दो महिला राजस्व कर्मी, पांच उप निरीक्षक, 28 पुलिसकर्मी व थाने की फोर्स तैनात की गई है। किसी प्रकार की गलतफहमी लोगों को ना हो। इसको लेकर गांव से 18 बकरे घरों से निकलवाकर एक मदरसे में सुरक्षित बंधवा दिया गया है। पशु चिकित्सा अधिकारी हरैया ने बताया कि बकरों के स्वास्थ्य का परीक्षण समय-समय पर होता रहेगा। रविवार की शाम में एसडीएम मेंहदावल प्रेम प्रकाश अंजोर, सीओ गयादत्त मिश्र, तहसीलदार प्रियंका चौधरी ने गांव में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारी गांव में तीन दिनों तक कैंप भी करेंगे।