अतिक्रमण करने वालों को चेताया, कहा होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शहर में अतिक्रमण की समस्या को लेकर अमर उजाला के अभियान का असर दिखने लगा है। बुधवार की शाम को एएसपी शशि शेखर सिंह के नेतृत्व में आजाद चौक से लेकर मेंहदावल बाईपास तक अतिक्रमण हटवाया गया। इस दौरान अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी गई कि यदि अतिक्रमण करते हुए पाए गए तो कार्रवाई की जाएगी।
शहर की पटरियों के साथ ही सड़क तक दुकानदारों, ठेले वालों ने कई जगह अतिक्रमण कर रखा है। इसके कारण शहर में जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। इस समस्या को अमर उजाला ने अभियान के रूप में लिया है। लगातार प्रकाशित हो रही खबर का संज्ञान लेकर बुधवार को एएसपी शशिशेखर सिंह के नेतृत्व में सीओ यातायात, प्रभारी यातायात निरीक्षक परमहंस, कोतवाल ब्रजेश पटेल आदि ने शहर के आजाद चौक से मेंहदावल बाईपास तक सड़क की दोनों पटरियों से अतिक्रमण हटवाया।
इस दौरान फुटपाथ पर दुकानें लगाने वालों को पीछे कराया गया। इसके साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में अतिक्रमण पाया गया तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।