प्रतिदिन 30 से 40 मरीज अस्पताल में करा रहे इलाज
दवा काउंटर के सामने बनाया गया फिजियोथेरेपी कक्ष
फोटो है
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिला अस्पताल में फिजियोथेरेपी की सुविधा मिलनी शुरू हो गई है। फिजियोथेरेपी की लिए मशीनें आ चुकी हैं। इसके लिए अलग से कक्ष बनाया गया है। जहां लोगों की फिजियोथेरेपी हो रही है। प्रतिदिन 30 से 40 मरीजों को इसका लाभ मिल रहा है।
अस्पताल परिसर में अभी तक दिव्यांग विभाग की तरफ से फिजियोथेरेपी का कार्य किया जा रहा था। अब अस्पताल प्रशासन ने अपना खुद का फिजियोथेरेपी कक्ष बना दिया है। यहां पर तरह-तरह की मशीनें आ चुकी हैं। इसमें कमर दर्द, घुटने का दर्द, पीठ दर्द, गर्दन दर्द समेत अन्य प्रकार की समस्याओं का फिजियोथेरेपी के माध्यम से इलाज किया जा रहा है।
फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. बलवंत त्रिपाठी ने बताया कि बच्चों से लेकर बड़े तक इसका लाभ ले रहे हैं। प्रतिदिन करीब 30 से 40 मरीज इलाज के लिए आते हैं। उनकी फिजियोथेरेपी की जाती है। इसमें समय लगता है। इसके साथ ही कुछ गंभीर मरीजों को प्रतिदिन बुलाया जाता है और फिजियोथेरेपी की जाती है। इससे मरीजों को काफी लाभ मिल रहा है। पहले मशीनें नहीं थीं, जिसकी वजह से दिक्कत होती थी। अब कई प्रकार की मशीनें आ चुकी हैं।
सीएमएस डॉ. भवनाथ पांडेय ने बताया कि फिजियोथेरेपी के लिए दवा काउंटर के सामने अलग से कक्ष बना दिया गया है। वहां पर मशीनों को लगाया गया है। मरीज आ रहे हैं और इलाज करा रहे हैं। बाहर फिजियोथेरेपी कराने में अधिक पैसा लगता है। अस्पताल में यह व्यवस्था निशुल्क है।