संतकबीरनगर। त्योहारों के मद्देनजर अवैध रूप से पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। दुधारा और बखिरा थाने की पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 128 किलो 410 ग्राम अवैध पटाखे बरामद किए हैं। दोनों मामलों में विस्फोटक अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
दुधारा पुलिस ने सात सितंबर को लोहरौली बाजार स्थित एक शृंगार एवं गिफ्ट सेंटर पर छापा मारकर दुकान संचालक अनिल कुमार वर्मा निवासी लोहरौली बाजार को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार दुकान में बिना लाइसेंस के पटाखों का भंडारण कर बिक्री की जा रही थी। मौके से विभिन्न प्रकार के 13 किलो 610 ग्राम पटाखे बरामद हुए।
पुलिस ने बताया कि दुकान घनी आबादी और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में थी तथा अग्नि सुरक्षा के आवश्यक उपकरण भी उपलब्ध नहीं थे। मामले में थाना दुधारा पर विस्फोटक अधिनियम में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बखिरा पुलिस ने सात सितंबर को चेकिंग के दौरान नंदौर निवासी अर्जुन को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 114 किलो 800 ग्राम अवैध पटाखे बरामद किए। पुलिस ने थाना बखिरा पर विस्फोटक अधिनियम में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ वर्ष 2025 में भी विस्फोटक अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज है। दोनों कार्रवाइयों से अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों में हड़कंप है।
पुलिस का कहना है कि बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।