सैनिक, लेखपाल और प्रधान पर जालसाजी का केस दर्ज
- फर्जी तरीके से निवास प्रमाण पत्र बनवाकर नौकरी हासिल करने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने एक सैनिक, लेखपाल और प्रधान के खिलाफ जालसाजी और षड्यंत्र का केस दर्ज किया है। सैनिक पर लेखपाल और प्रधान के साथ मिलकर फर्जी तरीके से मोहम्मदपुर गांव का निवासी होने का प्रमाण पत्र बनवाकर नौकरी हासिल करने का आरोप है।
मोहम्मदपुर कठार निवासी निर्मल कुमार का आरोप है कि गोरखपुर के सहजनवां क्षेत्र के भदेसरी निवासी दिनेश कुमार यादव का परिवार रानीपुर में रहता है। दिनेश ने आर्मी में नौकरी हासिल करने के लिए प्रधान रवींद्र कुमार और हल्का लेखपाल सावित्री सिंह से मिलकर मोहम्मदपुर कठार गांव का निवासी होने की रिपोर्ट लिखवा कर निवास प्रमाण पत्र बनवा लिया। वर्ष 2018 में दिनेश ने इसी निवास प्रामण पत्र के आधार पर आर्मी में नौकरी हासिल कर ली। वर्तमान में वह नासिक महाराष्ट्र में ट्रेनिंग कर रहा है। दिनेश को 29 सितंबर 2018 को निवास प्रमाण पत्र जारी हुआ था। इस बात की जानकारी होने पर उन्होंने इसकी शिकायत की तो दिनेश यादव व लेखपाल ने 29 मई 2019 को प्रधान रवींद्र कुमार से हस्तलिखित प्रमाण पत्र बनवा लिया और अपने असली निवास स्थान रानीपुर के ग्राम पंचायत अधिकारी से अपना नाम परिवार रजिस्टर से खारिज करवा लिया। इसके बाद दिनेश ने दो अगस्त 2019 को मोहम्मदपुर कठार गांव में अपना नाम दर्ज करवा लिया, जबकि उसका मोहम्मदपुर कठार गांव में घर नहीं है। जिस मकान संख्या 133 में अपना नाम दर्ज करवाया है, वह मकान तीरथ यादव का है। दिनेश यादव के पिता रामकिशुन यादव के नाम से रानीपुर में कुछ जमीन है, जिसकी खतौनी में निवास रानीपुर लिखा है। आरोप है कि पुलिस ने जब कार्रवाई नहीं किया तो वह विवश होकर कोर्ट की शरण लिए। कोतवाल रवींद्र कुमार ने बताया कि दिनेश कुमार यादव, लेखपाल सावित्री सिंह और प्रधान रवींद्र कुमार के खिलाफ जालसाजी और षड्यंत्र का केस दर्ज कर लिया गया है। विवेचना से जो तथ्य सामने आएगा। उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।