- खलीलाबाद क्षेत्र के गरथवलिया गांव का मामला
- पुलिस ने एक को गिरफ्तार कर भेजा जेल
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद क्षेत्र के गरथवलिया गांव में धर्म परिवर्तन की सूचना पर पुलिस ने रविवार को छापा मार कर कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई के खिलाफ कई लोग कोतवाली पहुंच गए और घंटों वहां प्रदर्शन किया। वहीं दूसरी तरफ पुलिस ने गांव के एक व्यक्ति की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके से पुलिस ने एक धर्म से संबंधित किताब व अन्य दस्तावेज भी बरामद किए हैं।
गरथवलिया गांव में लंबे समय से धर्म परिवर्तन की शिकायत पुलिस को मिल रही थी। रविवार को सादी ड्रेस में कुछ पुलिस कर्मी भी वहां पर अनुयायी बनकर पहुंच गए। वहां धर्म परिवर्तन का मामला उजागर होने के बाद उच्चाधिकारियों को मामले की सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस की कई टीमों ने एक साथ मौके पर पहुंच कर छापा मारा। पुलिस को वहां पर बड़ी मात्रा में एक ही धर्म से संबंधित दस्तावेज बरामद हुए।
पुलिस ने मौके से कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंच कर पूछताछ शुरू कर दी। वहीं पुलिस कार्रवाई के बाद धर्म विशेष के दर्जनों लोग कोतवाली में पहुंचकर पेशबंदी शुरू कर दी। कोतवाल सतीश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले में गरथवलिया गांव के अमरनाथ शर्मा की तहरीर पर राम मोहित, कमलेश और श्रवण निवासी गरथवलिया के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं पुलिस ने मामले में शाम को एक आरोपी राम मोहित को गिरफ्तार कर लिया।