संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने इंडस्ट्रियल एस्टेट में स्थित एक फर्म में धोखाधड़ी करके 12 लाख रुपये गबन करने वाले एक आरोपी को धर दबोचा। आरोपी बस्ती जिले के लालगंज थानाक्षेत्र के सपहा गांव का निवासी है। गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने न्यायालय रवाना कर दिया है।
खलीलाबाद के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित फर्म डिकोरियम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड व नेशनल प्लाईवुड सेंटर के प्रोपराइटर शेखू खान ने गत 20 दिसंबर को कोतवाली खलीलाबाद थाने में तहरीर दी थी कि बस्ती जनपद के लालगंज थानाक्षेत्र के सपहां गांव के निवासी शैलेष उपाध्याय उनके फर्म पर अकाउंट हेड के रूप में कार्यरत थे। इस दौरान आरोपी ने जीएसटी, कर्मचारियों के पीएफ फंड व कंपनी के खाते से धोखाधड़ी करते हुए 12,73,608 रुपये का गबन कर लिया गया।
इस मामले में आरोपी पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया था। अपराध की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार दूबे के साथ कांस्टेबल मनीष और राजन ने उसे 31 मार्च को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर वहां से जेल भेज दिया गया। संवाद