चप्पे-चप्पे पर तैनात रही पुलिस, हर वाहन पर रही नजर
- पुलिस ने कुछ वाहनों को रोका तो नेताओं से हुई झड़प
- कलेक्ट्रेट के बाहर सपा प्रत्याशी के पक्ष में खड़े रहे एमएलसी व कार्यकर्ता
- नेदुला चौराहे पर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जुटे राज्य मंत्री और विधायक
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन को लेकर कलेक्ट्रेट से लेकर पूरे शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही। हर वाहनों पर पुलिस नजर रख रही थी। मेंहदावल बाईपास से आगे वाहनों को नहीं जाने दिया जा रहा था। वाहनों को रोकने पर नेताओं से पुलिस की कई जगह झड़प भी हुई। इसके बाद भी नेता कलेक्ट्रेट तक पहुंचे और अपने प्रत्याशी का हौसला बढ़ाया।
कलेक्ट्रेट में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए तीन प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। जिसमें सपा से बलिराम यादव, भाजपा से कृष्ण कुमार चौरसिया और निर्दल सना परवीन शामिल है। सपा से बलिराम यादव के समर्थन में जिलाध्यक्ष गौहर अली खां, एमएलसी संतोष यादव सनी, पूर्व मंत्री लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद, पूर्व विधायक अब्दुल कलाम, पूर्व विधायक अलगू चौहान, सपा के वरिष्ठ नेता जयराम पांडेय, जिला उपाध्यक्ष केडी यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष कुमार यादव, पूर्व प्रमुख मनोज राय, रामदरश यादव, नित्यानंद यादव, राजमन यादव, आलोक यादव सोनू, रामा यादव, राहुल यादव बादल, प्रदीप सिंह, इसहाक अंसारी, कोमल यादव समेत भारी संख्या में सपा कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट के बाहर जमे रहे। बलिराम यादव के नामांकन दाखिल कर बाहर आने के बाद नारेबाजी भी की। इस दौरान पुलिस बार-बार सपा कार्यकर्ताओं को वहां से हटाती रही, पर कार्यकर्ता जमे रहे।
पुलिस ने अंत में हल्का बल प्रयोग कर सपा कार्यकर्ताओं को वहां से हटाया। वहीं भाजपा प्रत्याशी कृष्ण कुमार चौरसिया के समर्थन में राज्य मंत्री श्रीराम चौहान, मेंहदावल विधायक राकेश सिंह बघेल, भाजपा जिलाध्यक्ष बद्री यादव, पूर्व सांसद अष्टभुजा शुक्ला, पूर्व सांसद इंद्रजीत मिश्रा, चेयरमैन श्यामसुंदर वर्मा, सत्यपाल पाल, वैभव चतुर्वेदी, नीतू सिंह, सुनीता अग्रहरि, पप्पू वर्मा, ज्ञानेंद्र त्रिपाठी आदि नेदुला चौराहे पर एक मैरेज हाल में जमे रहे। शहर के हर चौराहों पर पुलिस तैनात रही। मेंहदावल बाईपास, नेदुला चौराहा पर भारी मात्रा में पुलिस बल हर वाहनों पर नजर रख रही थी। पुलिस ने कुछ नेताओं के वाहनों को रोकने की भी कोशिश की पर नेताओं की पुलिस से झड़प होने के बाद वाहनों को जाने दिया।