संतकबीरनगर। जनपद में पुलिस व स्थानीय इंटेलीजेंस यूनिट घुसपैठियों का ब्यौरा इकट्ठा करने में जुटी हुई है। एसआईआर के चलते बाहरी लोगाें के घुसपैठ की संभावना को देखते हुए पुलिस सतर्क हो गई और जांच तेज कर दी है। उच्चाधिकारी के निर्देश पर जनपद के सभी संभावित संदिग्ध स्थानों पर गोपनीय तरीके से जांच पड़ताल की जा रही है। ताकि ऐसे लोगों को चिहिंत करके उन्हें बाहर किया जा सकें।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के बाद एसआईआर की तिथि बढ़ा दी गई है। वहीं बाहरी लोगों के घुसपैठ की संभावना को लेकर भी जनपद में विशेष सर्तकता बरती जा रही है। पुलिस उच्चाधिकारियों की तरफ से भी इसके लिए गोपनीय जांच कराई जा रही है। वहीं एसआईआर कार्य में लगे अधिकारी व कर्मचारी भी विशेष सतर्कता बरत रहे हैं। ताकि घुसपैठियों को चिहिंत करके उन्हें बाहर किया जा सके।
घुसपैठ से जिले का पुराना नाता
जिले से घुसपैठिए का नाता काफी पुराना है। बखिरा क्षेत्र में नौरो गांव के पते पर म्यांमार के अक्याब रखाइन जिले के बुतिडंग थाना क्षेत्र स्थित नयाफारा का रहने वाला अजीजुल अपना पहचान पत्र बनवाया था। एटीएस की जांच में जनवरी 2021 में इसका खुलासा हुआ था। आरोपी के खिलाफ लखनऊ में विदेशी अधिनियम और पासपोर्ट अधिनियम समेत अन्य आरोप में केस दर्ज हुआ था।
जिला पंचायत सदस्य ने किया था निवास प्रमाण पत्र का सत्यापन
कूट रचित दस्तावेज के आधार पर म्यांमार के रहने वाले नागरिक के निवास प्रमाण पत्र का सत्यापन एक तत्कालीन जिला पंचायत सदस्य ने किया था। उसी के आधार पर रोहिंग्या का भारतीय पासपोर्ट बना था। बरामद दस्तावेज के आधार पर जिले में कई स्थानों पर एटीएस की छापेमारी हुई थी।
राशन कार्ड में नाम जुड़वाकर तैयार किया था दस्तावेज
जांच के दौरान नौरो गांव निवासी बदरे आलम ने अपनी गलती स्वीकार किया था। आरोपी मुंबई में उनके बेटे से मिला था और खुद को अनाथ बताया था। जिस पर उन्हें दया आ गया और उसे अपने घर पर लाकर अजीजुलहक को अजीजुल्लाह के नाम से अपने राशन कार्ड में नाम जुड़वा लिया था। जिसके आधार पर उसने भारतीय पासपोर्ट व अन्य कागजात तैयार करा लिया। वर्ष 2017 में आरोपी की मां आबिता खातून, बहन फातिमा खातून और दो भाई जियाउल हक व मोहम्मद नूर भी आ गए थे। एक भाई मोहम्मद नूर खलीलाबाद आने के बाद कहीं चला गया था।
महराजगंज की लड़की को लेकर हुआ था फरार
रोहिंग्या अजीजुल महराजगंज की एक लड़की को लेकर फरार हो गया था। जिसके बाद वहां से तमाम लोग लड़की को तलाशते हुए बखिरा के नौरो गांव में भी आए थे। इसके बाद से ही उसका कुछ पता नहीं चल सका। एटीएस की छापेमारी के बाद जब लोगों को पूरे मामले की जानकारी हुई तो सभी लोग हतप्रभ रह गए थे।
बाहरी लोगों के घुसपैठ को लेकर पुलिस टीम पूरी तरह से सतर्क है। एलआईयू मामले की जांच कर रही है। जांच में यदि कोई इस तरह का व्यक्ति पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किया जाएगा।
सुशील कुमार सिंह, एएसपी