संतकबीरनगर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लिए किसानों की केवाईसी अनिवार्य है। जिनकी केवाईसी नहीं होगी उन्हें योजना का लाभ नहीं मिलेगा। यह जानकारी डीएम संदीप कुमार ने दी है।
डीएम संदीप कुमार ने बताया कि ई- केवाईसी का कार्य किसान किसी सहज जनसेवा केंद्र पर जाकर करा सकते हैं। जनसेवा केंद्र पर अपने आधार कार्ड एवं आधार से जुड़े मोबाइल नंबर को लेकर जाएं। साथ ही ई-केवाईसी कराने के लिए भारत सरकार के जरिये एक मोबाइल ऐप भी विकसित किया गया है। यह मोबाइल ऐप गूगल प्ले स्टोर पर पीएम किसान जी ओआई के नाम से डाउनलोड हो जाएगा। पीएम किसान योजना के लाभार्थी इसका प्रयोग कर सकते हैं।
इस मोबाइल ऐप के बारे में अपने विकास खंड के कृषि विभाग के कर्मचारियों अथवा आपकी ग्राम पंचायत में आयोजित होने वाले शिविर में भी जानकारी कर सकते हैं। प्रदेश सरकार के निर्देश के क्रम में प्रत्येक ग्राम पंचायत में अलग-अलग तिथियों पर विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें कृषि विभाग सहित अन्य विभागों के कर्मचारी उपस्थित हो रहे हैं। उन्होंने किसानों से अपील की है कि अपने ग्राम पंचायत में आयोजित होने वाले शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर, अपने पीएम किसान संबंधित समस्या का समाधान कराएं। साथ ही अपने ई-केवाईसी को अनिवार्य रूप से करा लें, ताकि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की किस्त निर्बाध रूप से प्राप्त होती रहे।