संतकबीरनगर। विकास खंड पौली के ग्राम पंचायत रोसया बाजार के पंचायत भवन पर गांव निवासी महिला दो वर्ष से कब्जा किए हुए है। शुक्रवार को पंचायत भवन खाली कराने गए एडीओ पंचायत को महिला ने यह कहते हुए वापस कर दिया कि उसकी जमीन पर पीएम आवास का निर्माण करा दिया जाए, जिस पर पट्टीदार अड़ंगा लगाए हुए हैं। महिला की बात सुनकर एडीओ पंचायत बैरंग लौट गए।
लखपति देवी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास निर्माण के लिए उसे दो किस्त मिल चुकी है। पहली किस्त मिलने के बाद जब उसने अपनी जमीन पर पीएम आवास का निर्माण कार्य शुरू कराने का प्रयास किया तो पट्टीदारों ने जमीन को विवादित बताते हुए काम रोक दिया। अपनी भूमि पर निर्माण कार्य कराने के लिए वह संपूर्ण समाधान दिवस, थाना समाधान दिवस समेत कई बार अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दे चुकी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उसके बाद पट्टीदार ने इस मामले को न्यायालय में पहुंचा दिया, जो विचाराधीन है।
वर्ष 2021 में कोरोना काल के समय जब महिला के पास रहने के लिए मकान नहीं बचा तो गांव के पंचायत भवन को अपना आशियाना बनाकर निवास करने लगी। शुक्रवार को एडीओ पंचायत दल सिंगार यादव पंचायत भवन खाली कराने पहुंचे, तो महिला ने पंचायत भवन खाली करने से पहले अपने पीएम आवास के निर्माण कराए जाने की शर्त उनके सामने रख दी।
एडीओ पंचायत ने जब नियम के तहत कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी तो वह भड़क उठी। उसने कहा कि हमारी जमीन पर हमारे पट्टीदार अड़ंगा लगाए हुए हैं, तो उनके लिए नियम कानून नहीं है। महिला ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास की पहली किस्त मिली, आवास का निर्माण नहीं शुरू हुआ तो दूसरी किस्त किस आधार पर क्यों जारी कर दी गई। जब तक उसकी जमीन को विवादित बताकर मकान का निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा, तब तक वह पंचायत भवन खाली नहीं करेगी। पूरे परिवार के साथ कानूनी कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार है।
एडीओ पंचायत दल सिंगार यादव ने बताया कि पंचायत भवन को खाली करने के लिए महिला को नोटिस जारी किया गया है। उसके बाद पंचायत भवन को हर हाल में खाली कराया जाएगा।