जूनियर हाई स्कूल खलीलाबाद में परीक्षा से संबंधित तनाव से दूर करने की जानकारी लेते बच्चे।
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय के बच्चों के साथ वर्चुअल संवाद स्थापित किया। उन्होंने छात्रों को परीक्षा के समय होने वाले तनाव मुक्ति के उपाय बताए। इसके साथ ही रोजाना अच्छी नींद और योगासन करने की सलाह दी।
मानव संसाधन मंत्रालय और सूचना प्रसारण मंत्रालय के जरिए रेडियो पर पीएम मोदी का वर्चुअल संवाद 11 बजे से 12 बजे तक प्रसारित हुआ। इसमें कक्षा छह, सात और आठ के बच्चे शामिल हुए। पीएम मोदी ने बच्चों से कहा कि परीक्षा में बेहतर नंबर आने के लिए तनाव न पाले। थोड़ा सा रिलेक्स होकर परीक्षा में बैठें।
जिससे प्रश्न पत्रों को बेहतर तरीके से हल कर सकें। उन्होंने अच्छी नींद लेने पर जोर दिया। अपनी रुचि के अनुसार ही विषय का चयन करने की सीख देते हुए कहा कि जिस विषय में मन न लग रहा हो, उस पर ज्यादा जोर न दें। उसे धीरे-धीरे समझें और उस विषय पर बेहतर पकड़ बनाएं। उन्होंने कहा कि अगर आप दौड़ में हिस्सा ले रहे हैं और आपके साथ वाला दौड़ते वक्त गिर जाता है तो आप दौड़ छोड़ कर उसे उठाएं। इससे आप के अंदर की मानवता जागेगी।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय खलीलाबद, जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद समेत अन्य उच्च प्राथमिक विद्यालय पर कार्यक्रम के प्रसारण की व्यवस्था की गई थी। इस दौरान बीएसए माया सिंह, बीईओ अजय कुमार तिवारी, डीसी समेकित शिक्षा रजनीश वैद्यनाथ, इंद्रेश पांडेय, वार्डेन प्रतिभा सिंह, सुमन सिंह, निलीमा मिश्रा, गीता सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।