- दोनों बीए तृतीय वर्ष में साथ पढ़ते थे, परिवार में मची चीख-पुकार
बेलहर। थाना क्षेत्र के रुधौली-दुर्गाजोत मार्ग पर सुरसा चमनजोत के पास बुधवार को तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों एक साथ खेले थे और साथ पढ़ाई भी कर रहे थे। हादसे में दोनों ने साथ में जान भी गंवा दी। दोस्तों की मौत पर परिवार में चीख-पुकार मर्च गई।
जानकारी के अनुसार, बालेपार निवासी आशीष कुमार (22) पुत्र चंद्रभान तीन भाई हैं जिनमें सबसे छोटा आशीष कुमार था और एक बहन है। रंजीत (20) पुत्र केशव चार भाई थे जिनमें तीसरे नंबर का रंजीत था और एक बहन है। दोनों एक ही गांव के थे। दोनों दोस्त थे और बीए तृतीय वर्ष में एक साथ पढ़ाई भी करते थे।
बाइक से दोनों राजघाट की तरफ से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रुधौली की ओर से तेज गति से आ रही कार ने उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि आशीष की मौके पर ही मौत हो गई जबकि रंजीत गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पीआरबी पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायल रंजीत को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेंहदावल भेजा गया जहां इलाज के दौरान रंजीत का भी मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की कर रही है। कार चालक की तलाश भी की जा रही है। उधर घटना के बाद घरों में चीख-पुकार मच गई।