मेंहदावल। विकास खंड के परसा पांडेय में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर अव्यवस्थाओं को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया।
अस्पताल के मुख्य गेट पर ताला लगाकर ग्रामीणों ने यहां तैनात कर्मचारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए दवा न मिलने व गंदगी तथा यहां तैनात स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी के रात में निवास न करने से गर्भवती महिलाओं को होने वाली कठिनाई पर रोष व्यक्त किया।
हंगामे की सूचना पर सीएचसी मेंहदावल के अधीक्षक डॉक्टर उमेश चंद्रा मौके पर पहुंचे और उग्र ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराते हुए दोषियों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया ।
ग्रामीण हरिप्रकाश पाठक, जयप्रकाश पांडेय, धीरज पाठक, दीपू आदि ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले मरीजों का शोषण किया जाता है। चिकित्सालय से मरीजों को दवा नही मिल पाती है न ही समय से चिकित्सालय खुलता है। परिसर में गंदगी व्याप्त है। फर्मासिस्ट, स्वीपर समेत अन्य कर्मचारी रहने के बावजूद मरीजों को बेहत्तर सुविधा नही मिल पा रही है ।
गांव की गर्भवती महिलाएं काफी परेशान रहती है । यहां तैनात महिला बीएचडब्लु व एचबी, एएनएम रहने के बावजूद कोई रात में विश्राम इस सेन्टर पर न करके मेंहदावल निवास करता है। रात के समय में गर्भवती महिलाओं को किसी समस्या पर मेंहदावल ले जाकर दरवाजे पर देर तक दस्तक देने पड़ती है ।
हंगामे के दौरान शैलेश यादव, गुलाब, राहुल, अवनेन्द्र, सुनील, रोहित, अरविन्द, हुसैन, सुधाकर समेत अनेक लोग मौजूद रहे । सीएचसी मेंहदावल के अधीक्षक उमेश चंद्रा ने कहा कि मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। इसमे जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।