संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा दो पालियों में तीन दिन होगी।
बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुज मलिक और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने और परीक्षार्थियों के आवागमन को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। पीईटी 25 और 30 अक्तूबर तथा एक नवंबर को दो पालियों में होगी।
बैठक में परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परीक्षा के दौरान नकल और अन्य अनुचित गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सतर्कता बरती जाए। साथ ही सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ समय से तैयारियां पूरी करें।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की सुविधाओं और आवागमन की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने और परीक्षा केंद्रों के आसपास प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जरूरत के अनुसार पुलिस बल की तैनाती करने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। किसी भी अवांछनीय गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में परीक्षा के सफल आयोजन के लिए प्रभावी निगरानी, समयबद्ध कार्रवाई और विभागों के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया गया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।य