संतकबीरनगर। जिले के विभिन्न थानों में शनिवार को अधिकारियों की देखरेख में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। बखिरा, मेंहदावल, महुली और बेलहरकलां थानों में अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। पुलिस और राजस्व विभाग से जुड़ी शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने थाना बखिरा पहुंचकर समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। दोनों अधिकारियों ने पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को शिकायतों का मौके पर जाकर शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों में दोनों विभाग आपसी समन्वय से कार्रवाई करें। इसके बाद शिकायत पंजिका का निरीक्षण कर पूर्व में निस्तारित मामलों के संबंध में फरियादियों से फीडबैक लिया गया।
थाना मेंहदावल में खंड विकास अधिकारी अविनंद्र कुमार त्रिपाठी और तहसीलदार मजिस्ट्रेट अल्पीता वर्मा ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित शिकायतों का मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
थाना महुली में उपजिलाधिकारी धनघटा और क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा ने संयुक्त रूप से समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। संबंधित पुलिस और राजस्व अधिकारियों को शिकायतों का मौके पर जाकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
थाना बेलहरकलां में क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्व दवन सिंह और नायब तहसीलदार मेंहदावल विद्या भूषण सिंह ने संपूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने के साथ पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।