- यूपीपीसीएल ने मोबाइल एप की शुरूआत की
संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। अब उपभोक्ता घर बैठे अपना बिजली बिल बना सकेंगे। इसके लिए पाॅवर कॉरपोरेशन ने उपभोक्ताओं के लिए यूपीपीसीएल उपभोक्ता मोबाइल एप की शुरुआत की है। इसमें उपभोक्ताओं को अन्य सुविधाएं भी दी गई हैं। इससे उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।
सेमरियावां ब्लॉक के बिजली उपकेंद्र करमाखान के पांच फीडर जिसमें सेमरियावां, दरियाबाद, हटवा बाजार, महुआरी, केशवापुर शामिल हैं। इन पांचों फीडरों से करही, देवरिया नासिर, दानोकुइयां, महुआरी, उंचहराकला, मूड़ाडीहाखुर्द, पैड़ी, उसराशहीद, सेमरियावां, दरियाबाद, कोहरियावां, रक्सा कला, कानपारा, करमा खान समेत लगभग 130 गांव मजरों में बिजली दी जाती है। बिजलीघर से जुड़े उपभोक्ताओं को बिल उपलब्ध कराने के लिए मीटर रीडर एक निजी कंपनी द्वारा रखे गए हैं। इसके बाद भी निगम को आए दिन बिलों में शिकायतें मिल रही है।
उपभोक्ता अपने स्मार्टफोन में यूपीपीसीएल उपभोक्ता मोबाइल एप डाउनलोड कर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसके बाद वे अपनी मीटर रीडिंग स्वयं दर्ज कर सकते हैं, जिसके आधार पर बिजली बिल स्वतः जनरेट हो जाएगा। उपभोक्ता एप के माध्यम से तुरंत बिल का भुगतान भी कर सकते हैं और भुगतान की रसीद डाउनलोड कर सुरक्षित रख सकते हैं।
00000
करमाखान बिजली उपकेंद्र पर लगभग 22.5 हजार उपभोक्ता हैं। उपभोक्ता स्मार्टफोन से एप से बिजली बिल बना सकते हैं। वैसे मीटर रीडर गांव- गांव जाकर बिजली बिल निकाल रहे हैं।
-इंद्रेश कुमार गुप्ता, अवर अभियंता, बिजली उपकेंद्र, करमाखान