धनघटा। महुली थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार देर रात कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या की कोशिश कर रहे युवक के मां के चीखने चिल्लाने पर लोगों ने जान बचाई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों के अनुरोध के बाद दोबारा ऐसी गलती न करने की बात पर युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक शुक्रवार की रात घर लौट और सीधे कमरे में चला गया। कुछ देर बाद मां खाना लेकर जैसे ही कमरे में दाखिल हुई। अंदर का दृश्य देखकर दंग रह गई। मां के अनुसार बेटा छत के पंखे से गले में फंदा लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश कर रहा था। शोर मचाया तो लोग पहुंचे और किसी तरह युवक को बचाया। वहीं सूचना पर पहुंची पीआरवी टीम ने घंटों तक परिजन और उक्त युवक से पूछताछ की।
परिजन और पड़ोसियों ने दोबारा ऐसी गलती युवक द्वारा नहीं करने की जिम्मेदारी लेते हुए सुपुर्दगी में ले लिया। बताया जा रही है कि युवक का बड़ा भाई कुछ माह पूर्व अहमदाबाद में ऑनलाइन गेम में पैसा गंवाने के बाद आत्महत्या किया था। संवाद