लोकल फाल्ट ने बढ़ाई उपभोक्ताओं की मुसीबत
- हल्की हवा में टूट रहे जर्जर तार, बाधित हो रही आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले में बिजली कटौती के साथ ही लोकल फाल्ट की समस्या बनी हुई है। इससे उपभोक्ताओं की मुसीबत बढ़ गई है। स्थिति यह है कि हल्की हवा व बारिश में जर्जर तार टूट जा रहे हैं, जिसके कारण बिजली आपूर्ति कई-कई घंटे ठप हो जा रही है।
वर्तमान समय में शहर से लेकर गांवों तक बिजली की अघोषित कटौती हो रही है। शहर को 22 से 24 घंटे बिजली आपूर्ति का निर्देश है, लेकिन शहर में महज 14 से 15 घंटे ही आपूर्ति हो रही है। ग्रामीण क्षेत्र की स्थिति और भी बदतर हो गई है। यहां मात्र आठ से दस घंटे की बिजली आपूर्ति की जा रही है।
हल्की हवा व बारिश के दौरान लोकल फाल्ट की समस्या ने मुसीबत बढ़ा रही है। कारण यह है कि लोकल फाल्ट होने पर बिजली आपूर्ति कई-कई घंटे बाधित हो जाती है। सबसे ज्यादा दिक्कत रात्रि के समय में बिजली गुल होने पर हो रही है। यही नहीं बिजली आने पर लो वोल्टेज की समस्या बनी रह रही है।
मेंहदावल, बेलहरकला, गड़सरपार आदि क्षेत्रों में तो आए दिन शाम को फाल्ट हो जा रहा है। लोगों को पूरी रात गर्मी से जूझना पड़ रहा है। जिससे लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है।
खलीलाबाद क्षेत्र के उपभोक्ता राकेश कुमार, हरेंद्र कुमार, प्रदीप कुमार आदि ने कहा कि बिजली कटौती के साथ ही लोकल फाल्ट की समस्या बढ़ गई है।
इस संबंध में अधिशाषी अभियंता विद्युत वितरण निगम दिव्यरंजन ने कहा कि लोड बढ़ने के कारण कुछ दिक्कतें आ रही है। कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि फाल्ट की सूचना मिलते ही उसे ठीक कराया जाए। कार्य योजना तैयार कर जर्जर तारों को भी जल्द ही बदला जाएगा।