मुख्यमंत्री आरोग्य मेला में कोरोना के 12 मरीज मिले
- जिले की 22 स्वास्थ्य इकाइयों पर मेले का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले के 22 स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान कोरोना जांच की गई। जिसमें 12 लोग संक्रमित पाए गए। सभी होम आइसोलेशन में भेज दिया गया। स्वास्थ्य मेले में कुल 974 मरीजों की नि:शुल्क जांच की गई और उन्हें दवाइयां भी दी गईं।
सीएमओ डॉ. अनिरूद्घ सिंह ने बताया कि जिले के 22 स्वास्थ्य इकाइयों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया गया। इन स्वास्थ्य मेलों में कोविड जांच के लिए टीम लगी थी। इस दौरान कुल 146 लोगों की एंटीजन जांच हुई, जिसमें 12 लोग पॉजिटिव मिले। इन सभी का सैंपल लेकर आरटीपीसीआर जांच के लिए भेजा गया है। इसके साथ ही इन्हें दवा देकर होम आइसोलेशन में रखा गया है।
मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में गोल्डन कार्ड बनवाने, गर्भावस्था एवं प्रसवकालीन परामर्श, पूर्ण टीकाकरण एवं परिवार नियोजन संबंधी साधनों एवं परामर्श की व्यवस्था रही। इसके साथ ही संस्थागत प्रसव संबंधी जागरूकता, जन्म पंजीकरण परामर्श, नवजात शिशु स्वास्थ्य सुरक्षा परामर्श एवं सेवाएं, बच्चों में डायरिया एवं निमोनिया की रोकथाम के साथ ही टीबी, मलेरिया, डेंगू, फाइलेरिया, कुष्ठ आदि बीमारियों की जानकारी, जांच एवं उपचार की गई।