एसबीआई की महुली शाखा के बाहर बैंक बंद कर हंगामा करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय स्टेट बैंक की महुली में बुधवार को कैश न होने की जानकारी पर गुस्साए उपभोक्ताओं ने पहले हंगामा किया और फिर बैंक बाहर से बंद कर दिया। सूचना पर पहुंचे इंस्पेक्टर महुली के समझाने पर उपभोक्ता शांत हुए।
बुधवार को एसबीआई महुली पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी लाइन लग गई थी। आरोप है कि बैंक खुलने के समय जब बैंककर्मी गेट पर पहुंचे तो उन्होंने उपभोक्ताओं से कैश न होने की बात कहकर लाइन से हटने को कहा। जिस पर लाइन में घंटों से खडे़ उपभोक्ता नाराज हो गये और हंगामा करने लगे। लोगों का आरोप था कि कई दिनों से कैश नहीं होने की बात कह कर उन्हें वापस भेज दिया जा रहा है।
लोगों के हंगामे के बीच किसी तरह बैंक कर्मी बैंक के अंदर चले गए तो उपभोक्ताओं ने बाहर से बैंक का गेट बंद कर दिया। बैंककर्मियों की सूचना पर इंस्पेक्टर महुली अनिल सिंह मयफोर्स मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर के समझाने और दोपहर तक कैश पहुंचने के आश्वासन के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। शाखा प्रबंधक आनंद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि जो कैश जमा हुआ है, उससे उपभोक्ताओं का भुगतान किया गया। साथ ही डिमांड भी भेजी गई है। जल्द ही कैश मिलने की उम्मीद है।