धनघटा। ग्राम स्तर पर लोगों की समस्याएं निस्तारित करने के लिए शुक्रवार को लगाई जाने वाली ग्राम चौपाल सिर्फ कागजों तक ही सिमट कर रह गई है। शुक्रवार को पौली ब्लाॅक के मटौली, हंड़िया माफी, हैसर बाजार के रमजगला, टाडा गांव में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया।
सुबह लगभग 11 बजे गांव के सचिव राजेश यादव, एडीओ एजी पौली दयाराम यादव पंचायत भवन मटौली में पहुंचे। वहां गांव के दो चार लोग लोग प्रधान के साथ मौजूद थे। कर्मियों के पहुंचने पर चौपाल का बैनर लगाया गया, लेकिन चौपाल की शुरुआत होने से समाप्ति तक लोग नहीं पहुंचे।
जनता को मालूम नहीं कि पंचायत भवन पर चौपाल का आयोजन किया गया है। चौपाल में समाज कल्याण विभाग, शिक्षा आदि विभागों के जिम्मेदार चौपाल में नहीं पहुंचे।
ग्रामीण संजय, हरिराम, अवधेश आदि ने बताया कि सरकार द्वारा संचालित चौपाल योजना का लाभ जनता को नहीं मिल रहा है।
यही हाल हैंसर ब्लॉक के ग्राम पंचायतों में देखने को मिला। इस संबंध में पूछे जाने पर खंड विकास अधिकारी उमेश प्रसाद ओझा ने कहा कि ग्राम पंचायत में आयोजित होने वाले चौपाल की जानकारी पूरे गांव के लोगों को मिलनी चाहिए जिससे अधिक से अधिक संख्या में लोग पहुंच कर अपनी समस्याओं का निस्तारण करा सके। इसके लिए संबंधित को निर्देश दिए गए हैं।