पुलिस लाइंस में गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद ने परेड की सलामी ली। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉक्टर सरोज कुमार, एसपी बीपी श्रीवास्तव, एडीएम केपी यादव, सीडीओ लालजी यादव, एएसपी डॉक्टर अशोक कुमार वर्मा, सीओ राजेंद्र सिंह, सीओ उत्तम सिंह सहित अन्य अधिकारी और पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
कलेक्ट्रेट भवन पर जिलाधिकारी डॉक्टर सरोज कुमार ने सुबह साढ़े आठ बजे झंडारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। इसी तरह जिला न्यायालय में जिला जज सैय्यद मोहम्मद हसीब, विकास भवन में सीडीओ लालजी यादव, डीआईओएस कार्यालय पर डीआईओएस बृजभूषण मौर्य, सीएमओ कार्यालय पर सीएमओ डॉ. आनंद प्रकाश श्रीवास्तव, बीएसए कार्यालय पर बीएसए महेंद्र प्रताप सिंह, नगर पालिका खलीलाबाद में चेयरमैन जगत जायसवाल, तहसील खलीलाबाद में एसडीएम सतीश मणि त्रिपाठी ने ध्वजारोहण किया।
इससे पहले एचआर इंटर कॉलेज खलीलाबाद के 44वीं बटालियन एनसीसी के महिला एवं पुरुष विंग के कैडेट्स ने एनसीसी के अधिकारियों के नेतृत्व में सलामी दी। प्रभात फेरी में परिषदीय विद्यालयों की बालिकाओं और शिक्षकों ने भी अपनी सहभागिता निभाई, प्रधानाचार्य मैथिलीशरण श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश, भागी प्रसाद सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।
नौ बजे कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉक्टर सरोज कुमार की अध्यक्षता में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि आज हम 67वां गणतंत्र दिवस मना रहे हैं। हमने अब तक क्या पाया, इस पर आत्ममंथन करने की जरूरत है। अपराह्न में वन विभाग की ओर से कलेक्ट्रेट और पुलिस लाइंस में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। रात में कवि गोष्ठी का आयोजन किया गया।