संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से 12 अक्तूबर को 14 केंद्रों पर सम्मिलित राज्य, प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2025 तथा सहायक वन संरक्षक, क्षेत्रीय वन अधिकारी सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2025 कड़ी सुरक्षा के बीच होगी। इसको लेकर शनिवार की देर शाम तक प्रशासनिक तैयारियां चलती रही।
जिले में पीसीएस परीक्षा के लिए एचआरपीजी कॉलेज खलीलाबाद, हीरालाल इंटर कॉलेज खलीलाबाद, नेहरू कृषक इंटर कॉलेज खलीलाबाद, मौलाना आजाद इंटर कॉलेज खलीलाबाद, संतकबीर आचार्य राम विलास इंटर कॉलेज मगहर, पीबी गर्ल्स इंटर कॉलेज खलीलाबाद, वेणी माधव गोपी नाथ इंटर कॉलेज बखिरा, डीएवी इंटर कॉलेज मेंहदावल, श्रीजगदगुरु शंकराचार्य इंटर कॉलेज मेंहदावल, रामविभूति यादव द्वाबा विकास इंटर कॉलेज धनघटा, आदर्श इंटर कॉलेज उमरिया बाजार, नेशनल इंटर कॉलेज मूडाडीहा बेग को केंद्र बनाया गया है।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित होनी है। हर केंद्रों पर स्टेटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके साथ ही चार सौ के करीब कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई। शुक्रवार को डीएम आलोक कुमार और एसपी संदीप कुमार मीना ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा से निगरानी, बैठक व्यवस्था, प्रवेश द्वार पर निगरानी व्यवस्था, परीक्षार्थियों की सुविधाओं से संबंधित अन्य व्यवस्थाओं सहित परीक्षा केंद्रों पर सुचितापूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न करने के लिए की गई समस्त तैयारियों व व्यवस्थाओं को देखा था।
अधिकारियों ने विद्यालय एवं परीक्षा हेतु अलग सें लगाए गए सीसीटीवी कैमरा प्वाइंट एवं सिटिंग प्लान की जानकारी विद्यालय के प्रधानाचार्यों से ली थी। डीएम आलोक कुमार ने बताया परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए है। परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिया गया है।
000000000000