खड़ंजा में लगाई जा रही पुरानी ईंट।
- फोटो : अंबरीश मिश्रा
कस्बे के ठाकुरद्वारा चौराहे से लगे मार्ग पर खड़ंजा कार्य किया जा रहा है। विकास एकता समिति ने पुरानी ईंट प्रयोग करने और मानक के विपरीत कार्य की शिकायत बीडीओ से की है। मानक विहीन कार्य को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई है।
प्रदीप वर्मा, पप्पू खां, विरेंद्र कुमार, श्याम कुमार, सुनील सिंह, रानू गुप्ता, शिवकुमार, रामू गुप्ता का कहना है कि कस्बे के ठाकुरद्वारा चौराहे से झीनापुर मुहल्ले की ओर जाने वाले रास्ते पर पूर्व में खड़ंजा लगवाया गया था। उसी खड़ंजे को उखाड़कर दुबारा नया खड़ंजा लगाने का कार्य मजदूरों से कराया जा रहा है। उनका आरोप है कि लगाए जा रहे खड़ंजे में नए के साथ ही पुराने ईंट का भी प्रयोग किया जा रहा है। खड़ंजा कार्य में घटिया क्वालिटी के ईंट का भी प्रयोग किया जा रहा है।
शिकायत के बावजूद सुधार के बजाए जबरदस्ती कार्य कराया जा रहा है। लोगों ने बीडीओ से शिकायत किया है कि कस्बे में कराए जा रहे खड़ंजा में प्रयुक्त हो रहे सामानों की जांच कर मानक अनुरूप सामानों का प्रयोग करवाया जाए।