जिला अस्पताल में मरीज देखते चिकित्सक-संवाद
संतकबीरनगर। जिला अस्पताल में इस समय वायरल फीवर और उल्टी दस्त के मरीजों की कतार लगी है। सुबह से ही अस्पताल में मरीजों की लंबी लाइन लग जा रही है।
इसमें वायरल फीवर के मरीजों के ब्लड जांच के साथ ही दवा दी जा रही है। इसके साथ ही एहतिहात बरतने की सलाह चिकित्सक दे रहे हैं। जिला अस्पताल में प्रतिदिन इस तरह की बीमारी को लेकर 200 के करीब लोग पहुंच रहे हैं।
जिला अस्पताल में वैसे तो प्रतिदिन 1300 से 1400 मरीज इलाज के लिए आते हैं। इधर मौसम में बदलाव के चलते सर्दी, खांसी, बुखार, उल्टी दस्त और एलर्जी के मरीजों की संख्या बढ़ी है। इससे संबंधित करीब 300 मरीज प्रतिदिन जिला अस्पताल की ओपीडी में आ रहे हैं।
जिला अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि लगातार बदल रहे मौसम के कारण मौसमी बीमारियों से पीड़ित लोगों की संख्या में भी इजाफा होने लगा है। इस समय तेज धूप के चलते लोग परेशान हैं।
बदलते मौसम की वजह से लोग एलर्जी, सर्दी-खांसी, बुखार समेत अन्य वायरल बुखार टाइप की बीमारी के चपेट में आ रहे हैं। ऐसे में इस मौसम में लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। इस मौसम में अधिक ठंडा पानी न पीएं।
उन्होंने गर्मी से बचने और पानी को उबाल की पीने की सलाह दी है। और इससे बचाव के लिए खानपान का विशेष ख्याल रखना चाहिए और पौष्टिक आहार का सेवन करना चाहिए। लोग हरी सब्जियों का सेवन करें। इस समय दिन में तेज धूप में कम निकलें। अगर जरूरत है तो सिर पर कुछ बांध लिया करें।