संतकबीरनगर। जिले के 22 उप स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को जन आरोग्य मेले का आयोजन किया। शिविर में सबसे ज्यादा चेहरे और शरीर पर दाने, खांसी, सिरदर्द, बुखार से पीड़ित मरीज पहुंचे।
डॉक्टरों ने परामर्श के साथ ही दवा दी। चार मरीजों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। 22 उप स्वास्थ्य केंद्रों पर कुल 1,108 मरीजों ने इलाज कराया। इस दौरान 51 बुखार और त्वचा रोग के 100 मरीज शिविर में पहुंचे थे।
उप स्वास्थ्य केंद्र रोसयाबाजार पर सुबह नौ बजे से जन आरोग्य मेला लगाया गया। मेले में चेहरे पर दाने, बुखार, पेट दर्द, सिरदर्द, खांसी की समस्या से परेशान मरीज पहुंचे। शिविर में पहुंचे छोटे बच्चे बुखार और उल्टी दस्त से परेशान थे। डॉक्टरों ने बताया कि गर्मी के साथ ही बारिश का समय भी है। इस वजह से दाने निकलने की शिकायत ज्यादा आ रही है।
शिविर में आई कमला, विंदू, प्रिया आदि ने बताया कि चेहरे व शरीर पर कई जगह दाने निकल आए हैं। डॉक्टर ने देखकर दवा दी और तीन दिन बाद फिर बुलाया है। तीन बजे तक संचालित मेले में 39 मरीजों ने इलाज कराया। प्रभारी चिकित्साधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि इस गर्मी से बचकर रहें। इससे शरीर में संक्रमण के चलते दाने निकल रहे हैं। इस मौके पर डाॅ. राजेश कुमार, फार्मासिस्ट अनिल कुमार मौर्य, शरद वर्मा, सौरभ यादव, विद्यासागर पांडेय, चंद्र कला आदि मौजूद रहे।
कांशीराम आवास स्थित उप नगरी स्वास्थ्य केंद्र पर जन आरोग्य शिविर लगाया गया। यहां पर 106 मरीजों ने जांच कराया। जांच के बाद डॉक्टराें ने दवा दी। इस दौरान फार्मासिस्ट मनोज कुमार मिश्र, दयाराम, रवि पांडेय, धर्मेंद्र नाथ, सुदामा प्रसाद, डॉ नागेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे। सीएमओ डाॅ. रामानुज कन्नौजिया ने बताया कि जिले के 22 उप स्वास्थ्य केंद्रों पर जन आरोग्य मेला का आयोजन हुआ। जिसमें 1,108 मरीजों ने इलाज कराया है।