सीएचसी मलौली पर गर्मी से बेहाल मरीज और उनके तिमारदार शुक्रवार को जमकर हंगामा किए। हंगामा करने वालों से अधीक्षक से नोक झोक हुआ। तिमारदारो का कहना था कि विद्युत सप्लाई बाधित है पूरी रात और दिन मरीज और तिमारदार गर्मी से परेशान रहे, लेकिन अस्पताल का जनरेटर नहीं चलाया जा रहा है। हंगामा करने वाले तब शांत हुए जनरेटर को चालू कर दिया गया।
अस्पताल पर इलाज के लिए भर्ती मरीज सोना देवी, कृष्णचंद्र, आदर्श आदि के तिमारदार राम प्रताप यादव, दुर्गा प्रसाद, हेमराज, अजय, नकूल आदि का कहना था कि इस भीषण गर्मी में मरीज और तिमारदार परेशान है। डॉक्टर लोग अपने कमरे में इनवर्टर से पंखा चला कर आराम कर रहे है। जनरेटर चालू किए की मांग करने पर अधीक्षक नाराज होकर पुलिस बुलाने की धमकी दे रहे है। अधीक्षक के व्यवहार से खिन्न तिमारदार अस्पताल में हंगामा खड़ा कर दिए। इससे करीब एक घंटे तक अफरा तफरी का माहौल कायम रहा। जनरेटर जब चालू किया गया तब जाकर लोग शांत हुए। दूसरी तरफ डॉक्टर बी के शुक्ला ने कहा जनरेटर तीन से साढ़े तीन घंटे तक चलाया गया है। जनरेटर को नियमानुसार ही चलाया जा सकता है।
अस्पताल का पंखा बंद देेख नाराज हुुए सीएमओ
सीएमओ डॉक्टर आनंद प्रकाश श्रीवास्तव ने शुक्रवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान पंखा बंद मिला और मरीज गर्मी से बेहाल थे। इस पर सीएमओ ने नाराजगी जताते हुए सीएमएस से व्यवस्था में सुधार लाने को कहा।
सीएमओ सबसे पहले महिला वार्ड को देखा। इसके बाद जनरल वार्ड का निरीक्षण किया। जहां पर लाइट न होने के कारण पंखा बंद मिला। बेड पर मरीज गर्मी से बेहाल थे। सीएमओ ने सीएमएस से कारण पूछा तो उन्होंने बताया कि लाइट कटती है उसके बाद इनवर्टर काम करता है। वहीं कुछ मरीजों ने पंखा न चलने की शिकायत किया और कहा कि इनर्वटर से एक पंखा चल रहा है जो सभी मरीजों के लिए पर्याप्त नहीं है। सीएमओ ने सीएमएस से जनरेटर को सुचारु रूप से चलाने के लिए कहा। इसके बाद सीएमओ ने अन्य विभागों को देखा।