जिला अस्पताल में मरीज को परामर्श देते चिकित्सक।
संतकबीरनगर।। इस समय मौसम काफी शुष्क है। ऐसे में लोग सूखी खांसी से परेशान हैं। सूखी खांसी के साथ गले में चुभन-जलन की समस्या भी हो रही है। बड़ों के साथ ही बच्चे भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। जिला अस्पताल में प्रतिदिन सूखी खांसी के 50 से 60 तक मरीज पहुंच रहे हैं।
इस समय गर्मी के मौसम व हवा के चलने की वजह से सूखी खांसी के मरीजों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। जिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन एक हजार से 1100 के करीब मरीज पहुंच रहे हैं। जिसमे 50 से 60 मरीज सूखी खांसी के आ रहे हैं।
वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि सूखी खांसी में बलगम नहीं बनता है। गले में खुजली और जलन जैसा महसूस होता है। साथ ही लगातार खांसी आती है। गले में खिचखिच, रात में तेज खांसी आना, आवाज कर्कश होना, गले में खरोंच जैसा अनुभव होना, सांस लेने में दिक्कत के साथ ही सीने में परेशानी हो सकती है। दिक्कत होने पर चिकित्सक की सलाह जरूर लें।