पीएचसी मेंहदूपार में जन आरोग्य मेले में मरीज देखती चिकित्सक
संतकबीरनगर। जिले के 22 उप स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को जन आरोग्य मेला लगा। इसमें सबसे ज्यादा बुखार, पेट में संक्रमण और खांसी से पीड़ित मरीज पहुंचे। शिविर में बुखार के 70 मरीज मिले। जिन्हे जांच के लिए जिला अस्पताल बुलाया गया। इसके साथ ही मलेरिया के 25 संभावित रोगी मिले। जिनके ब्लड की जांच होगी। 22 उप स्वास्थ्य केंद्रों पर लगे शिविर में कुल 1342 मरीजों का इलाज हुआ।
रोसया बाजार स्थित स्वास्थ्य केंद्र पर सुबह नौ बजे से जन आरोग्य मेला लगाया गया। मेले में सबसे ज्यादा बुखार, पेट में संक्रमण, खांसी की समस्या को लेकर मरीज पहुंचे। इसके साथ ही छोटे बच्चों में बुखार और उल्टी-दस्त की समस्या थी। उनके परिजन ने चिकित्सकों को दिखाकर बच्चों की दवा ली। कुछ बच्चों के ब्लड सैंपल की जांच भी कराई गई। शिविर में आई काव्या, विद्यावती, शर्मिला ने बताया कि खांसी के साथ बुखार है। चिकित्सक को दिखाया है और चार दिन की दवा दी है।
शिविर में कुल मरीजों ने आयुर्वेद पद्धति से इलाज कराया। इस दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि कुल 41 मरीजों की जांच कर दवा दी गई है। इस मौके पर डाॅ राजेश, फार्मासिस्ट अनिल कुमार मौर्य, शरद वर्मा, सौरभ यादव, विद्यासागर पाण्डेय, चंद्रकला आदि मौजूद रहीं।