संतकबीरनगर। जिले में रविवार को यातायात पुलिस ने रोडवेज और स्लीपर बसों की सघन चेकिंग की। प्रमुख मार्गों, बस स्टैंड और महत्वपूर्ण स्थानों पर बसों को रोककर परमिट, फिटनेस समेत चालक और परिचालक के दस्तावेजों की जांच की गई। यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े इंतजाम भी परखे गए।
यातायात प्रभारी परमहंस के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने बसों में आपातकालीन निकास, सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों के अनुपालन की जांच की। चालकों और परिचालकों को निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को न बैठाने और निर्धारित गति सीमा में ही बस चलाने के निर्देश दिए गए।
पुलिस ने बसों में सफर कर रहे यात्रियों को भी सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक किया। यात्रियों से यातायात नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। चेकिंग के दौरान नियमों या निर्धारित सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार न्यायालय के आदेश के अनुपालन में ‘मीट एंड ग्रीट’ अभियान के तहत बसों की चेकिंग और यात्रियों को जागरूक करने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।