मेंहदावल बाईपास बस के इंतजार में खड़े यात्री-संवाद
संतकबीरनगर। नए साल का जश्न मनाने के लिए बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर निकले। इससे परिवहन निगम की बसों में भीड़ बढ़ गई। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति यह रही कि बसों से सफर के लिए यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
खलीलाबाद के मेंहदावल बाईपास पर बने अस्थाई बस स्टाप सेंटर पर यात्रियों की भीड़ दिखी। जो बसें आई व भरी होने से लोग बस में प्रवेश करने से कतराते रहे। कारण यह रहा कि परिवार के साथ बस में खड़े होकर सफर करना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में लोग खुले आसमान तले घंटों खड़े रहकर बसों का इंतजार करने को मजबूर हुए। लखनऊ के लिए बस पकड़ने आए सिद्धार्थ कुमार, सुनील गुप्ता आदि ने बताया कि बसों में काफी भीड़ हो रही है। परिवार के साथ जाना है, सीट न मिल पाने से इंतजार करने की मजबूरी बनी हुई है। इन लोगों ने कहा कि सीट मिलने पर ही सफर करेंगे। खलीलाबाद के बस अड्डा प्रभारी टीएन दूबे ने कहा कि नए साल पर भीड़ बढ़ी है, लेकिन पर्याप्त संख्या में बसों का संचालन किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े।