संतकबीरनगर। दुघरा गांव की युवती के आत्महत्या के मामले में शुक्रवार को पुलिस ने केस दर्ज किया है। पिता का आरोप है कि उनकी बेटी का एक सहकर्मी फोन पर काफी परेशान करता था। इससे तंग आकर बेटी पारुल ने आत्महत्या कर ली। उन्होंने आरोपित युवक का मोबाइल नंबर भी पुलिस को दिया है।
कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के दुघरा निवासी वेदप्रकाश राय निवासी दुघरा ने अपने शिकायत में बताया कि उनकी बेटी अन्नपूर्णा उर्फ पारुल राय इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित एक प्रतिष्ठान में आठ माह से काम कर रही थी। वहां काम करने वाला एक युवक उनकी बेटी के मोबाइल पर हमेशा फोन कर परेशान करता था।
इस संबंध में उसने उन्हें बताया भी था, लेकिन लोक लाज के कारण उन्होंने किसी से कोई शिकायत नहीं की। उस व्यक्ति के द्वारा लगातार फोन पर परेशान व प्रताड़ित करने के कारण ही बेटी ने 24 जनवरी की रात में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
ये है मामला : कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के दुघरा गांव के निवासी वेद प्रकाश राय की पुत्री अन्नपूर्णा उर्फ पारुल राय ने गत 24 जनवरी की रात में अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी थी। इस दौरान उसके पिता महाकुंभ स्नान करने गए हुए थे। इसकी जानकारी पारुल के भाई ने खलीलाबाद पुलिस को दी।