संवाद न्यूज एजेंसी
सेमरियावां। संविधान प्रदत्त अधिकार व हमारी जिम्मेदारियां विषय पर शनिवार को सियासी व सामाजिक माहौल में ‘’हम क्या करें’’ विचार गोष्ठी आयोजित हुई।
इस दौरान वक्ताओं ने हिंदू मुस्लिम एकता पर जोर देते हुए कहा कि देश में नफरत फैलाने वालों से सचेत रहने की जरूरत है। अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों को भी समझें और देश व समाज के विकास में अपनी भूमिका निभाएं।
मुख्य अतिथि सपा के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व सांसद एवं विधायक अबू आसिम आजमी ने कहा कि संविधान हमें सारे नागरिकों के अधिकार दिए हैं तो साथ ही हमें जिम्मेदारियां भी दी हैं। जिन्हें पूरा करने में हमसे कहीं न कहीं कोताही हुई है, जिसके फलस्वरूप आज वसुधैव कुटुंबकम वाला भारत संघ सांप्रदायिकता के उस रास्ते पर चल पड़ा है, जिसकी मंजिल फांसीवाद पर जाकर रुकती है।
आज देश में नफरत की ऐसी आंधी चल रही है, जिससे नागरिकों के सम्मान और जान व माल की सुरक्षा की गारंटी खत्म होती जा रही है।
सांप्रदायिकता का यह जहर राजनीति के रास्ते समाज में फैलता जा रहा है, जिसे समाप्त करने की शुरुआत राजनेताओं को ही करनी पड़ेगी। साथ ही समाज के हर संवेदनशील नागरिक की भी यह जिम्मेदारी है कि वह अपने पड़ोसियों के मन से ऐसी असुरक्षा की भावना को कम करें। उन्होंने कहा कि सियासत में भागीदारी बढ़ाने की जरूरत है। ्