धनघटा के गागर गाड़ में निर्माणाधीन पंचायत भवन।
- फोटो : KHALILABAD
पुरानी नींव पर खड़ा कर दिया पंचायत भवन
मानक की अनदेखी पर जिम्मेदारों ने नहीं दिया ध्यान
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा/बाघनगर। जिले में पंचायत भवन और सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कार्य हो रहा है। कार्य की गुणवत्ता को ताक पर काम कराए जाने की शिकायतें भी मिल रहीं हैं, लेकिन जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। अमर उजाला ने शनिवार को कुछ जगहों की स्थिति देखी तो वहां के ग्रामीण मानक को लेकर सवाल खड़ा किए। एक जगह तो पुरानी नींव पर ही पंचायत भवन बना दिया गया।
जिले में 497 नए पंचायत भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। जबकि 257 पुराने पंचायत भवनों की मरम्मत का कार्य हो रहा है। जबकि 754 सामुदायिक शौचालय बनाए जा रहे हैं। इनमें 403 सामुदायिक शौचालयों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। विकास खंड हैंसर बाजार के गागरगाड़ गांव में बनाए जा रहे पंचायत भवन के निर्माण में मानक की धज्जियां उड़ाई जा रहीं हैं। इसकी शिकायत गांव के लोग कई बार जिम्मेदरों से कर चुके हैं लेकिन कार्य की गुणवत्ता में सुधार नहीं आया।
गांववालों ने बताया कि डीह बाबा के स्थान के पास धर्मशाला निर्माण के लिए दस साल पहले नींव पड़ी थी। किन्हीं कारणों से धर्मशाला का निर्माण नहीं हो सका। इसके कारण नींव ज्यों की त्यों पड़ी हुई थी। ग्रामीण धर्मराज, जितेंद्र, सत्यराम, जीतन, सुभाष आदि ने बताया कि धर्मशाला की नींव पर ही पंचायत भवन का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया। कार्य जब शुरू हुआ तभी इसकी शिकायत ब्लॉक पर की गई, लेकिन किसी अफसर ने ध्यान नहीं दिया। गांववालों का कहना है कि कम मात्रा में सीमेंट और अधिक मात्रा में बालू का प्रयोग करके पंचायत भवन खड़ा कर दिया गया। इस संबंध में तकनीकी सहायक नागेंद्र सिंह ने बताया कि मानक के अनुसार ही पंचायत भवन का निर्माण कार्य कराया गया है। जबकि सचिव विश्राम यादव ने गांववालों के आरोप को बेबुनियाद करार दिया। उन्होंने कहा कि मानक के अनुसार पंचायत भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। सेमरियावां ब्लॉक की ग्राम पंचायत सेहुड़ा में सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य पूरा हो गया। यहां की गुणवत्ता ठीक रही। इसमें वॉश बेसिन, टाइल्स, वाटर सप्लाई आदि सुविधाएं भी हैं। ग्राम प्रधान आलिया खातून ने बताया कि प्रशासन के मानक के अनुसार 3.85 लाख से कार्य कराया गया। अभी पूरा भुगतान नहीं मिल सका है। पंचायत भवन का निर्माण कार्य जारी है। ईंट व मसाले की गुणवत्ता का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। सीडीओ अतुल मिश्र ने बताया कि पंचायत भवन और सामुदायिक शौचालयों के निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान रखे जाने के निर्देश कार्यदायी संस्था ग्राम पंचायतों को दिए गए हैं। टीम गठित कर गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी। यदि कमी मिली तो संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।