बिना विकास कार्य पूरा कराए दो बार लिया भुगतान
संतकबीरनगर। डीपीआरओ की जांच में हैंसर बाजार के रमजंगला और सांथा विकास खंड के बढ़या पंचायत में धांधली सामने आई है। खुलासा हुआ है कि ठेकेदार ने बिना काम कराए एक ही कार्य का दो बार भुगतान लेकर विभाग को चपत लगाई है। इस मामले में डीपीआरओ ने डीएम और सीडीओ को रिपोर्ट भेजी है।
डीपीआरओ आलोक कुमार प्रियदर्शी ने बताया कि 26 नवंबर को हैंसर बाजार विकास खंड के रमजंगला पंचायत में विकास कार्य की जांच की गई। इसमें वर्ष 2018-19 में चौदहा वित्त से पंचायत में कूडे़दान की खरीद के लिए एक लाख 98 हजार रुपये का फंड दिया गया। लेकिन जांच के दौरान पंचायत में एक भी कूड़ेदान की खरीद नहीं की गई। पंचायत भवन के निर्माण के लिए वर्ष 2015-16 में धनराशि प्राप्त हुई थी। मौके पर पंचायत भवन अधूरा पाया गया। खिड़की दरवाजे तक नहीं लगाए गए हैं। फर्श और शौचालय अधूरे हैं। इसी कार्य के लिए वर्ष 2018-19 में पंचायत भवन में टाइल्स लगाने के लिए 53 हजार रुपये फिर खर्च किए गए। लेकिन मौके पर टाइल्स का नामोनिशान नहीं है। वर्ष 2018-19 में रामबदन के घर से पूर्व नाली निर्माण पर 63507 रुपये खर्च किए गए। लेकिन नाली नहीं बनी है। वित्तीय वर्ष 2018-19 में सुमेर के घर से लालजी के घर तक सीसी रोड निर्माण में 185037 रुपये खर्च किए गए। मौके पर पुराना खड़ंजा लगा है। कोई सीसी रोड नही है। वर्ष 2018-19 में रामसुमेर के घर से नरेश के घर तक इंटरलाकिंग कार्य पर 171211 रुपये तथा वित्तीय वर्ष 2017-18 में पीडब्ल्यूडी सड़क से दिलावर के घर तक इंटरलाकिंग कार्य पर 88145 रुपये खर्च किया गया है। जबकि मौके पर दोनों का काम एक ही है।
डीपीआरओ ने बताया कि 25 नवंबर को सांथा विकास खंड के बढ़या पंचायत की जांच में वित्तीय वर्ष 2018-19 में जेठू के घर से गड्डा तक नाली निर्माण पर 191823 रुपये खर्च किए गए। वर्ष 2017-18 मेें दशरथ के चक और जेठू के घर से गड्ढे तक नाली निर्माण पर 118754 रुपये खर्च किए गए है। मौके पर दोनों कार्य एक ही है। वर्ष 2016-17 में प्रकाश के घर पश्चिम बाग में बूढे़ के घर तक नाली निर्माण पर 114842 रुपये खर्च किए गए हैं। मौके पर कोई नाली नहीं बनी है। वर्ष 2018-19 मेें मनरेगा योजना से मगरु के घर से यूनूस के घर तक इंटरलाकिंग एवं मेन रोड से कन्हैया के घर तक इंटर लाकिंग कार्य कराया गया है। यह दोनों कार्य एक ही है। मनरेगा योजना से ही वारिस अली के घर से भोला के घर तक खड़ंजा कार्य एवं मुर्तुजा के घर से अजीजुल्ला के घर तक खडंजा कार्य कराया है। जबकि दोनों कार्य एक ही है। वर्ष 2018-19 में मनरेगा से ही सत्या के घर से जतन के घर होते हुए मुन्ना के घर तक मिट्टी खंडजा कार्य तथा वरूर्ष 2018-19 में ही चौदहे वित्त से मुन्ना के घर से हरिश्चंद्र के घर होते हुए कोदई के घर तक सीसी रोड काय्र कराया गया है। यह दोनों कार्य एक ही है। दोनों जांच में प्रधान और सचिव दोषी पाए गए है। दोषियों पर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए डीएम और सीडीओ को रिपोर्ट भेज दी गई है।