संतकबीरनगर में एक वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। केसरी पहलवान ब्रह्मानंद यादव (35) की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर गांव के चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के भगठान गांव में मंगलवार दोपहर जिला केसरी रहे पहलवान ब्रह्मानंद यादव (35) की लाठी डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर गांव के ही चार लोगों के खिलाफ प्राथिमिकी दर्ज कर ली है।
विज्ञापन
भगठान गांव निवासी दयाराम यादव के पुत्र पहलवान ब्रह्मानंद मंगलवार दोपहर करीब 3:00 बजे बाइक से घर से गिठनी बाजार जा रहे थे। रास्ते में घात लगाकर बैठे हमलावरों ने ब्रह्मानंद की आंखों में लाल मिर्च पाउडर झोंक दिया, जिससे वह बाइक समेत गिर गए। वह संभल पाते तब तक हमलावरों ने लाठी-डंडे और फरसे से हमला कर दिया। ब्रह्मानंद गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ब्रह्मानंद के भाई और भगठान के प्रधान रमाकांत की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही राकेश यादव, छविराम, अजय व अभिमन्यु के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि ब्योरा देने से इनकार कर दिया।
विज्ञापन
परिजन और ग्रामीणों ने शव रखकर सड़क जाम की
ब्रह्मानंद की हत्या से आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने शव मेंहदावल बाईपास ओवरब्रिज के नीचे रखकर सड़क जाम कर दी। सूचना पर एएसपी सुशील कुमार सिंह, सीओ प्रियम राजशेखर पांडेय सहित अन्य थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई।
पुलिस टीम ने आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया और शव को जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी भिजवाकर आवागमन बहाल कराया। मृतक के भाई की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष की धरपकड़ के लिए टीमें लगाई गई हैं। - संदीप कुमार मीना, एसपी