धनघटा। गर्मी का सीजन शुरू होते ही नगर पंचायत हैंसर-धनघटा में जलापूर्ति की समस्या उत्पन्न होने लगी है। पूर्व में क्षेत्र में बने तीन ओवरहेड टैंकों से अब भी जलापूर्ति नहीं हो रही है, जिससे पानी का संकट खड़ा हो रहा है। हालांकि जल निगम द्वारा दो ओवरहेड टैंकों का निर्माण का कार्य अभी चल रहा है।
चार वर्ष पूर्व नगर पंचायत हैंसर-धनघटा का गठन होने के बावजूद पेयजल आपूर्ति व्यवस्था पटरी पर नहीं लौट सकी है। गठन के दौरान नगर पंचायत के हिस्से में जुड़े कुरमौल, मीठना सिठना व धनघटा तहसील परिसर में बना ओवरहेड टैंक बेकार पड़ा है। तीनों ओवरहेड टैंकों से पानी की आपूर्ति ठप है, जिससे नगर पंचायत में पेयजल आपूर्ति की समस्या बनी हुई।
नगर पंचायत के सेमरी व हरेवा में ओवरहेड टैंक का निर्माण अभी प्रगति पर है। यही नहीं धनघटा तहसील परिसर में निर्मित ओवरहेड टैंक भी शोपीस बना है। 15 वर्ष बाद भी पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है, जिससे तहसील के स्टाफ और क्षेत्र से आने वाले जरूरतमंदों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मीठना सीठना में बने ओवरहेड टैंक का निर्माण हुए दस वर्ष गुजर गए, लेकिन पानी की आपूर्ति नहीं हो सकी, जिससे जनता को पेयजल के लिए प्रदूषित जल का सेवन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। बताया जाता है कि पूर्व में बनाए गए ओवरहेड टैंकों को संबंधित विभाग द्वारा नगर पंचायत को हैंडओवर नही किया गया।
हालत यह है कि क्षेत्र में लोगों को पीने का पानी बाहर से मंगवाना पड़ता है। तहसील परिसर में मौजूद जरूरतमंद राम केश, संजय यादव, हनुमान प्रसाद, राम रेखा यादव, राम सिंह, राम किशोर ने बताया कि तहसील परिसर में पानी की सुविधा न होने से सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं के साथ तहसील में कार्यरत लोगों को होती है।
तहसील मुख्यालय होने से यहां प्रतिदिन सैकड़ों लोग पहुंचते हैं। हरेवा निवासी राजेन्द्र मौर्य, राम शरीक यादव, प्रेम नरायण मिश्रा, अजय मिश्र आदि ने बताया कि शिकायत करने के बावजूद यहां बने ओवरहेड टैंक से पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुआ। लोगों ने मांग किया कि ओवरहेड टैंक से जल्द से जल्द सप्लाई चालू कराई जाए।
00000000000000000000
पहले से ग्राम पंचायतों में बनाए गए ओवरहेड टैंकों को हैंडओवर कराने के लिए कई बार नगर पंचायत कार्यालय में संपर्क किया गया। अभी तहसील परिसर में बना ओवरहेड टैंक ही नगर पंचायत को हैंडओवर किया गया है। शेष के लिए प्रयास जारी है।
-जेएन यादव, सहायक अभियंता, जल निगम
0000000000000000000
अभी तक कोई ओवरहेड टैंक हैंडओवर नहीं किया गया है। जब तक ओवरहेड टैंकों की जांच कर उसकी वर्तमान स्थित नहीं देखी जाती तब तक हैंडओवर नहीं लिया जाएगा।
-धीरज कुमार सिंह, अधिशासी अधिकारी, हैंसर-धनघटा