औद्योगिक नगर को मिला ओवरहेड टैंक का तोहफा
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। शहर के औद्योगिक नगर मोहल्ले में साढ़े चार करोड़ की लागत से नया ओवरहेड टैंक निर्माण और पांच किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछाने का प्रस्ताव है। उम्मीद है कि आचार संहिता लगने से पहले इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल जाएगी। नया टैंक बन जाने से शहर के छह मोहल्ले में पेयजल की समस्या का समाधान होगा।
खलीलाबाद कस्बे की आबादी करीब 40 हजार है। शहर को पेयजल आपूर्ति के लिए बरदहिया बाजार में एक मात्र ओवरहेड टैंक है। 22 हजार लीटर क्षमता वाले इस टैंक से आधे शहर को जलापूर्ति हो पाती है। रेलवे लाइन के दक्षिण तरफ बसे मोहल्लों में गर्मी में पेयजल का संकट गहरा जाता है। आवश्यकता पूरी करने के लिए रोस्टर बनाकर सप्लाई दी जाती है। जलकल अनुभाग के अनुसार वर्ष-1969 की पाइप लाइन व्यवस्था के आधार पर वर्तमान की आवश्यकता पूरी नहीं हो पा रही है। इसे देखते हुए एक और ओवरहेड टैंक की जरूरत महसूस हो रही है। नगर पालिका प्रशासन ने औद्योगिक नगर मोहल्ले में एक नया ओवरहेड टैंक बनाने और इससे जुड़े छह मोहल्लों में नई पाइप लाइन बिछाने का प्रस्ताव शासन को भेजा है। इस परियोजना पर करीब साढ़े चार करोड़ रुपये का खर्च आएगा। नया ओवरहेड टैंक बनने से रेलवे लाइन के दक्षिण तरफ बसे मोहल्लों और नई बढ़ रही आबादी को फायदा मिलेगा ही, पुराने टैंक की जलापूर्ति व्यवस्था में भी सुधार आएगा। नया टैंक लगने से कनेक्शनधारियों की संख्या भी दोगुना हो जाएगी। साथ ही नगर के उत्तर क्षेत्र के जिन घरों में अब तक कनेक्शन नहीं दिया जा सका है वहां भी कनेक्शन देना आसान हो जाएगा।