बखिरा। रविवार की देर रात बखिरा चौकी क्षेत्र के छपिया अव्वल गांव में घूम रहे कुछ बाहरी लोगों को गांव में स्थित समय माता मंदिर परिसर से ग्रामीणों ने शक के आधार पर पकड़ा और पुलिस को सौंप दिया। लेकिन पुलिस ने पकड़े गए सभी दस व्यक्तियों को बगैर कोई कार्रवाई किए ही छोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार जसवल भरवलिया गांव में चार दिन से कुछ तांत्रिक पूजा कर रहे थे। ग्रामीण नीरज, रामचंदर, संदीप समेत अन्य का आरोप है कि रविवार की रात करीब एक बजे जसवल में पूजा कर रहा सोखा अपने सहयोगियों के साथ छपिया गांव से जखिनिया माई को लेने समय मां के स्थान पर पहुंचा था। इधर तीन दिन से संतोषपुर, शनिचरा व छपिया गांव के ग्रामीण भी इसी भय से रतजगा कर रहे थे। उन्हें भी जसवल से तांत्रिक के आने व देवी जी चुराकर ले जाने का शक था। ग्रामीणों ने छपिया गांव में इन्हें घूमते पाया तो शक के आधार पर रोककर पूछताछ किया। उचित जबाव न मिलने पर ग्रामीणों द्वारा इसकी जानकारी पुलिस को दी गई।
पुलिस के पहुंचने पर तांत्रिक ने बताया कि वह गोरखपुर के चौरीचौरा का रहने वाला है। वह लोग जसवल भरवलिया में तांत्रिक क्रिया कर रहे हैं। यहां के देवी देवता को ले जाकर वहा स्थापित करना था, जिससे जसवल भरवलिया के लोग खुशहाल हो सके। थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह का कहना था कि पूजा करने को लेकर कुछ विवाद था। इस दौरान दोनों पक्षो के बीच समझौता हो गया और वह अपने घर चले गए ।