संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर पश्चिम बंजरिया में एक मकान के अंदर चल रही प्रार्थना सभा से रविवार को आसपास के लोगों में आक्रोश फैल गया। सूचना पर पुलिस और महिला पुलिसकर्मी मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। शांतिभंग की आशंका को देखते हुए पुलिस ने प्रार्थना सभा करा रहे दीनानाथ प्रजापति को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार पश्चिम बंजरिया में एक मकान के अंदर प्रार्थनासभा आयोजित किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस टीम, चीता मोबाइल गोला और महिला हेल्प डेस्क से महिला आरक्षी मौके पर पहुंचे। वहां आसपास के काफी लोग मौजूद थे और सभा को लेकर आक्रोश व्यक्त कर रहे थे। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाकर शांत कराया।
पूछताछ में सभा में शामिल लोगों ने पुलिस को बताया कि वे अपनी इच्छा से वहां आए थे और उन्हें किसी ने जबरन नहीं बुलाया था। पुलिस के अनुसार सभा में एक जाति समुदाय के लोग शामिल थे। पुलिस ने बताया कि सभा करा रहे दीनानाथ प्रजापति की ओर से धर्म के संबंध में लोगों को जागरूक किया जा रहा था।
कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने बताया कि आसपास के लोगों में आक्रोश और मौके पर शांतिभंग की आशंका को देखते हुए पुलिस ने दीनानाथ प्रजापति को हिरासत में लिया। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।